जयपुर
मोदी सरकार पार्ट 2 में अहम जगह बनाने वाले जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत को जल शक्ति मंत्रालय दिया गया है। इसके अलावा राज्य मंत्री कैलाश चौधरी को कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री व अर्जुन राम मेघवाल को संसदीय कार्य एवं भारी उद्योग व सार्वजनिक निगम राज्य मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
विभागों का बंटवारा होने के तुरन्त बाद केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने जो विश्वास जताया है, उसे पूरा करेंगे। जनता ने जो भाजपा पर विश्वास जताया है उसे पूरा करना उनकी सबसे बडी जिम्मेदारी होगी। जल को लेकर देश में स्थिति चुनौतीपूर्ण है, जल संसाधन के स्त्रोत लगातार कम होते जा रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने पिछले कार्यकाल में इस बात की कल्पना करते हुए इस मंत्रालय का नाम जल संसाधन मंत्रालय से बदलकर जल शक्ति मंत्रालय किया है।
बता दें कि जल शक्ति मंत्रालय का गठन पहली बार किया गया है, इसकी घोषणा प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजस्थान में अपनी जनसभा के दौरान की थी। उन्होंने कहा था कि जनता का आशीर्वाद मिला तो इस बार हर घर और खेत तक पानी पहुंचेगा। पानी के लिए अलग से मंत्रालय बनाया जाएगा, जिसका नाम जल शक्ति मंत्रालय होगा। जल शक्ति मंत्रालय में जल स्त्रोत, नदी विकास और गंगा सफाई को भी शामिल किया गया है। इसके साथ ही इसमें पीने योग्य जल और स्वच्छता को भी जोड़ा गया है।