जोधपुर में नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में जोधपुर में पथराव,गाडिय़ों के कांच तोड़े

Firoz Usmani
2 Min Read

Jodhpur News – नागरिकता संशोधन बिल(CAA) के खिलाफ शुक्रवार दोपहर जोधपुर में भी उग्र प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन को रोकने के लिए महानगर पुलिस की तरफ से लोगों को पाबंद भी किया था,लेकिन लोगों ने यहां काफी देर तक नई सड़क चौराहा पर रास्ता रोककर रखा और प्रदर्शन किया। इससे यहां यातायात व्यवस्था बाधित रही। इसके बाद जालोरी गेट और अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन तथा पथराव किया। गाडिय़ों के शीशे तोड़ दिए गए। बाद में पत्थर बरसा रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया।

दरअसल सोशल मीडिया (social media) पर दोपहर के प्रदर्शन को लेकर कई मैसेज वायरल हो रहे थे। इसमें बताया गया था कि दोपहर को लोगों को एकत्र होकर नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन करना है। इस तरह के मैसेज पुलिस के पास भी पहुंचे थे। पुलिस की तरफ से विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों को पाबंद भी किया गया था,लेकिन कोशिश विफल रही। दोपहर में लोगों ने एकत्र होकर नई सड़क चौराहा पर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते वहां पर भारी भीड़ जमा हो गई।

एहतियात के तौर पर शहर के सभी प्रमुख चौराहों सहित नई सड़क पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। नई सड़क चौराहे पर दो-तीन वक्ताओं ने कानून में किए गए संशोधन के खिलाफ अपनी बात रखी। इस दौरान यहां काफी देर तक रास्ता बाधित रहा। यहां से आने-जाने वाले लोगों के लिए दूसरे रास्तों पर यातायात डायवर्ड किया गया। करीब आधा घंटा बाद सभी वहां से रवाना हो गए।

बाद में प्रदर्शन कर लौटते समय प्रदर्शनकारियों ने उत्पात मचाया। एक समूह ने भीतरी शहर में जबरन बाजार बंद करवा दिए। वहीं जालोरी गेट पर बेकाबू हुए दूसरे समूह ने पुलिस पर जमकर पत्थर बरसाए। इसके बाद पुलिस ने डंडे बरसा सभी को एक बार वहां से खदेड़ दिया। फिर जालोरी गेट चौराहे के समीप स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एसटीएफ की टीम ने मौके पर पहुंच मोर्चा संभाला।

Share This Article
Follow:
Firoz Usmani Tonk : परिचय- पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षो से संवाददाता के रूप में कार्यरत हुंॅ, 9 साल से राजस्थान पत्रिका ग्रुप के सांयकालीन संस्करण (न्यूज़ टुडे) में जिला संवाददाता के रूप से कार्य कर रहा हंू। राजस्थान पत्रिका न्यूज़ चैनल में भी अपनी सेवाएं देता रहा हूं। एवन न्यूज चैनल में भी संवाददाता के रूप में कार्य किया है। अपने पिता स्व. श्री मुश्ताक उस्मानी के सानिध्य में पत्रकारिता की क्षीणता के गुण सीखें। मेरे पिता स्व.श्री मुश्ताक उस्मानी ने भी 40 वर्षो तक पत्रकारिता के क्षैत्र में कार्य किया है। देश के कई बड़े न्यूज़ पेपर से जुड़े रहे। 10 वर्ष दैनिक भास्कर में ब्यूरों चीफ रहें।