जयपुर । प्रदेश भाजपा में प्रदेशाध्यक्ष के नाम को लेकर गहन मंथन चल रहा है। प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा का मामला अब जातीय समीकरणों में उलझ गया है। वहीं प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच किसी एक नाम पर एक राय भी नहीं बन रही है। ऐसे में संगठन के नेताओं ने प्रदेश में नए मुखिया के लिए निर्विवाद नामों पर विचार शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि इसके लिए राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने सीएम वसुंधरा राजे से भी बात की है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के लिए मंगलवार को दिल्ली में पार्टी के आला नेताओं ने बैठक भी की। इसमें प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने भी शिरकत की। माना जा रहा है कि घोषणा में देरी के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल भी टूट रहा है। ऐसे में पार्टी आलाकमान अब जल्द से जल्द इस मुद्दे पर निर्णय करने के मूड में हैं। इधर, सत्ता से जुडे नेता ऐसे व्यक्ति को प्रदेशाध्यक्ष बनाने की मांग कर रहें हैं जो संगठन और सत्ता में तालमेल बिठाकर चल सके। इसके लिए सोमवार को दिल्ली गए अधिकांश विधायक और मंत्री वापस लौट आए। हालांकि उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात नहीं हो पाई किन्तु उन्होंने अपनी बात राष्ट्रीय संगठन मंत्री के समक्ष रख दी है।