जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले दल-बदलने का सिलसिला परवान पर है। चुनावी साल में फिलहाल कांग्रेस खेमे का कुनबा बढ़ रहा है। हाल ही में ज़मींदारा पार्टी की विधायक सोना देवी बावरी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। अब जयपुर में बीजेपी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है।

जानकारी के मुताबिक़ जयपुर शहर के सिविल लाइन विधानसभा क्षेत्र के लगभग सों बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इन सभी कार्यकर्ताओं ने जयपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास की अगुवाई में हाथ का दामन थामा है। जिन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा है उनमें बीजेपी के सिविल लाइन्स क्षेत्र के मंडल पदाधिकारी, प्रकोष्ठ पदाधिकारी और भाग संख्या अध्यक्ष शामिल हैं। खाचरियावास के सिविल लाइन्स आवास में हुए एक कार्यक्रम में इन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस ज्वाइन की। इस मौके पर खाचरियावास ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार साढ़े चार वर्ष के शासन में हर मोर्चे पर विफल रही है। राजस्थान की जनता को साफ पानी भी जो राज्य सरकार उपलब्ध नहीं करवा पा रही है उससे क्या उम्मीद की जा सकती है। केंद्र मंत्रालय की रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो गया कि राजस्थान की जनता सबसे दूषित पानी पी रही है। दूषितपानी से पूरे प्रदेश में बच्चे बीमार है ओर इसका कारण सरकार की घोर लापरवाही है, मूलभूत सुविधाओं से जनता को वंचित रखा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।