जयपुर। राज्यसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के 6 विधायकों की देर रात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ हुई लंबी वार्ता के बाद नाराजगी खत्म हो गई और आज सभी 6 विधायक दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ विशेष विमान से उदयपुर के लिए रवाना हुए और दोपहर 1:30 बजे उदयपुर पहुंचे। जहां विधायक कांग्रेस की बाड़ेबंदी में शामिल हो गए।
इन विधायकों में मंत्री राजेंद्र गुढ़ा, खिलाड़ी बैरवा, लाखन मीणा, वाजिब अली, संदीप यादव और गिर्राज सिंह मलिंगा हैं। इन सभी 6 विधायकों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उदयपुर पहुंचे हैं वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज उदयपुर के ताज अरावली रिसोर्ट में चल रही कांग्रेस की बाड़ेबंदी में विधायकों और मंत्रियों से उनका हालचाल जानेंगे और आगे की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल वापस जयपुर लौट आएंगे।
इधर कैबिनेट मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और राज्यमंत्री सुभाष गर्ग भी विशेष विमान से उदयपुर पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस के सभी 6 विधायकों ने सरकार में अपनी उपेक्षा से नाराज होकर मोर्चा खोल दिया था और मीडिया के सामने भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
साथ ही कांग्रेस की बाड़े बंदी भी शामिल होने से इनकार कर दिया था, जिस पर कल देर रात सभी 6 विधायकों की मुख्यमंत्री गहलोत के साथ लंबी वार्ता हुई और उनके गिले-शिकवे सुने गए। उसके बाद विधायक राजी हुए और आज मुख्यमंत्री गहलोत के साथ उदयपुर पहुंच गए।