जयपुर। ईस्टर्न कैनल परियोजना पर सर्वदलीय बैठक लेने के बाद देर दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज कई कार्यक्रमों में शिरकत की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 10:30 बजे संसद भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इसके बाद ईडी के विरोध में होने वाले विरोध प्रदर्शनों की रणनीति पर भी चर्चा करेंगे।
दरअसल मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी ने फिर पूछताछ के लिए बुलाया है जिसके विरोध में कल भी राजधानी दिल्ली सहित देशभर में कांग्रेस आंदोलन करेगी। आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने के लिए दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हुए। बैठक में दिल्ली में होने वाले विरोध प्रदर्शनों की रणनीति पर मंथन हुआ।
गुजरात चुनाव पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की आज दिल्ली में गुजरात चुनाव को लेकर भी पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। बैठक में गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे,जहां पर चुनावी मंथन हुआ।
बुधवार को जयपुर लौट सकते हैं मुख्यमंत्री गहलोत
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को दिल्ली से जयपुर लौट सकते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले 23 जुलाई को भी ईडी ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ की थी, जिसके विरोध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित गहलोत सरकार के कई मंत्री भी दिल्ली पहुंचे थे।