जहाजपुर(आज़ाद नेब) पंचायत समिति सदस्य के चुनाव संपूर्ण होने के साथ ही कल ईवीएम मशीनों में बंद उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। कांग्रेस व भाजपा दोनों ही पार्टियों ने प्रधान बनाने का दावा किया था। कल किस पर कौन भारी पड़ेगा और किनके दावे खोखले होंगे मतगणना के साथ ही जानकारी हो जाएगी।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोपीचंद मीणा ने पूर्व में घोषणा की थी की सामान्य सीट पर सामान्य व्यक्ति ही प्रधान का दावेदार होगा। सामान्य सीट पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधान के लिए प्रबल दावेदार के रूप में क्षेत्र के जाने-माने ठेकेदार बन्ना लाल जाट की पुत्रवधू आशा जाट को माना जा रहा है। वही पूर्व प्रधान शिवजी राम मीणा ने भी अपनी पत्नी शांति देवी मीणा को प्रधान बनाने के लिए जी तोड़ कोशिश करेगें। भाजपा की इस खींचतान में प्रधान की सीट जा सकती है। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक धीरज गुर्जर की माता सीता देवी को प्रधान बनाने के लिए जी जान से लगे हैं। अब देखना यह है की आशा की उम्मीद जगेगी या शांति का भाग्य चमकेगा या सीता के सर होगा ताज यह भविष्य के गर्भ में छिपा है। कल मतगणना के साथ ही अटकलों का बाजार भी खत्म हो जाएगा।