जयपुर
अकबर और महाराणा प्रताप की महानता को लेकर चल रहे विवाद के बीच ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने अकबर को चरित्रहीन बताकर नए विवाद को जन्म दिया है। गुरूवार को यहां भाजपा मुख्यालय पर मीडिया से बात करते हुए सैनी ने अकबर को चरित्रहीन बताया और कहा कि वह मीना बाजार में महिलाओं के साथ दुष्कर्म करता था।
भाजपा मुख्यालय पर आयोजित महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए सैनी ने कहा कि अकबर ने मीना बाजार लगवाया। इस बाजार में केवल महिलाएं काम करती थी और पुरुषों के प्रवेश करने पर पाबंदी थी। अकबर छदम वेश में मीना बाजार जाता था और वहां कुकृत्य करता था। यह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। इस मीना बाजार को किरण देवी ने बंद करवाया था। अकबर किरण के साथ दुष्कर्म करना चाहता था, लेकिन किरण ने उसे पहचान लिया था। उसने अकबर को जमीन पर पटक दिया और सीने पर कटार रख कर पूछा था कि तू कौन है, तभी अकबर ने जवाब दिया था कि हिंदुस्तान का बादशाह तुम्हारे कदमों के नीचे हैं। मुझे माफ कर दो, उसी दिन से मीना बाजार बंद हो गया।
सैनी ने कहा कि अकबर के साथ महाराणा प्रताप की तुलना करना इतिहास के साथ मजाक है। अकबर सत्ता के लिए लडा जबकि महाराणा प्रताप ने देश के लिए युद्ध किया। देश, धर्म, संस्कृति और सम्मान के लिए संघर्ष करने वाला महान होता है, यह काम महाराणा प्रताप ने किया। महाराणा प्रताप ने उनकी अधीनता स्वीकार नहीं की, जिन्होंने इस देश पर आक्रमण किया था इसलिए महाराणा प्रताप महान हैं।