उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक जारी, सीएम गहलोत ने दिया उद्घाटन संबोधन

Sameer Ur Rehman
2 Min Read

जयपुर। उत्तर क्षेत्रीय परिषद की आज राजधानी जयपुर के होटल रामबाग में अहम बैठक चल रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बैठक में भाग लेने विशेष तौर पर जयपुर पहुंचे। यह बैठक अमित शाह की अध्यक्षता में चल रही है, सुबह 11 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दीप प्रज्वलित करके बैठक का शुभारंभ किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्यपाल कलराज मिश्र भी बैठक में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उद्घाटन भाषण देते हुए अपनी बात रखी और अब अन्य राज्यों के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री भी अपनी बात रख रख रहे हैं। बैठक में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस बैठक में शामिल नहीं हुए। अरविंद केजरीवाल की जगह दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बैठक में शामिल हुए तो वही भगवंत मान की जगह उनकी कैबिनेट के एक मंत्री प्रतिनिधि के तौर पर शामिल हुए।

इधर जम्मू कश्मीर में कल आई प्राकृतिक आपदा के चलते हुए जानमाल के नुकसान के कारण जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बैठक में शामिल नहीं हो पाए। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमित शाह के बैठक में आने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत भी हुई, वहीं दूसरी ओर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया और जयपुर ग्रामीण से भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने अमित शाह की अगवानी की।

सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त

इधर राजधानी जयपुर में वीवीआईपी की जमावड़े के चलते सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। साथ ही 60 से ज्यादा आरएएस अधिकारियों को भी प्रोटोकॉल अधिकारी बनाया गया है।

Share This Article
Follow:
Editor - Dainik Reporters http://www.dainikreporters.com/