व्याख्याता भर्ती परीक्षा आज से,13 जनवरी तक होगी

liyaquat Ali
3 Min Read

Ajmer News – व्याख्याता भर्ती परीक्षा,2018 संभागीय जिला मुख्यालयों पर शुक्रवार से शुरू होगी। परीक्षा 13 जनवरी तक चलेगी। करीब 6 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया है। पहली बार इस परीक्षा के केन्द्र दूसरे संभाग में आए हैं। करीब 300 से 400 किलोमीटर दूर परीक्षा केन्द्र आने से परीक्षार्थी परेशान हैं। कई विद्यार्थी तो ऐसे हैं, जिनकी परीक्षा में एक से दो दिन का अंतर है।

आयोग ने सभी संभागों के कलक्ट्रेट कार्यालयों में कंट्रोल रूम शुरू कर दिए हैं। ग्रुप ए की परीक्षा में करीब 2 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए सात संभाग जिला मुख्यालयों पर 580 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। सर्वाधिक परीक्षा केन्द्र 222 जयपुर में बनाए गए हैं। अजमेर में 53, भरतपुर में 52, बीकानेर में 64, जोधपुर में 64, कोटा में 59 और उदयपुर में 66 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। ग्रुप बी की परीक्षा में 1 लाख 90 हजार 400 अभ्यर्थी और ग्रुप सी की परीक्षा में 2 लाख 12 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा तीन ग्रुप में होगी। ग्रुप ए की परीक्षा शुक्रवार और शनिवार को होगी। शुक्रवार को सुबह 9 से 10.30 बजे तक सामान्य ज्ञान का पेपर होगा और दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक हिंदी का पेपर होगा। शनिवार को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक संस्कृत विषय का और दूसरी पारी में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक राजस्थानी का पेपर होगा।

ग्रुप बी की परीक्षा 6 से 8 जनवरी तक होगी। पहले दिन 6 को सुबह 9 से 10.30 बजे तक सामान्य ज्ञान का पेपर होगा। इसी दिन दोपहर दूसरी पारी में राजनीति विज्ञान का पेपर होगा। सात जनवरी को पहली पारी में भूगोल और म्यूजिक का पेपर होगा, दूसरी पारी में बायोलॉजी का पेपर होगा। आठ जनवरी को पहली पारी में अर्थशास्त्र का और दूसरी पारी में लोक प्रशासन और फिजिक्स का पेपर होगा।

ग्रुप सी की परीक्षा 9 से 13 जनवरी तक होगी। नौ जनवरी को पहली पारी में जीके का पेपर और दूसरी पारी में इतिहास का पेपर होगा। 10 जनवरी को पहली पारी में अंग्रेजी का पेपर होगा, दूसरी पारी में कॉमर्स और एग्रीकल्चर के पेपर होंगे। 11 जनवरी को सुबह केमिस्ट्री का पेपर होगा और दूसरी पारी में सोशियोलॉजी का पेपर होगा। 12 जनवरी को पहली पारी में गणित और दूसरी में होम साइंस का पेपर होगा। 13 जनवरी को पहली पारी में पंजाबी और दूसरी पारी में ड्राइंग का पेपर होगा।

Share This Article
Follow:
Sub Editor @dainikreporters.com, Provide you real and authentic fact news at Dainik Reporter. Mobile +917014653770