‘रन फॉर विकसित राजस्थान 2025’ का जिला स्तरीय आयोजन’

टोंक। वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को जिला स्तर पर ‘रन फॉर विकसित राजस्थान 2025’ का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ विकसित राजस्थान के संकल्प से जोड़ना रहा।
दौड़ का शुभारंभ जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल, एडीएम रामरतन सौकरियां, सीइओ परशुराम धानका, जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, पूर्व नगर परिषद सभापति लक्ष्मी जैन, प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, वेणी प्रसाद जैन समेत हरी झंडी दिखाकर किया गया।
दौड़ के शुभारंभ अवसर पर जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रन फोर विकसित राजस्थान के माध्यम से युवाओं में स्वस्थ्य जीवन के लिए दौड़ के महत्व का संदेश दिया गया है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि इस दौड़ में जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, स्कूल एवं कॉलेज शिक्षा के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी/एनएसएस, स्काउट एवं गाइड, नगर परिषद, पुलिस विभाग, आरएसी, खेल विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जिला परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
