भीलवाड़ा के इतिहास में डॉ. नाथावत ने किया रिवर्स शोल्डर(कंधे ) का रिप्लेसमेंट ऑपरेशन

भीलवाड़ा / अमन ठठेरा । वस्त्र नगरी भीलवाड़ा हर क्षेत्र में विकास की ओर अग्रसर है और चिकित्सा क्षेत्र में भीलवाड़ा अग्रणी बनता जा रहा है। और इसी कड़ी में भीलवाड़ा शहर में स्थित नाथावत हॉस्पिटल में भीलवाड़ा के इतिहास में पहली बार कंधे का जटिल ऑपरेशन जिसे मेडिकल साइंस में रिवर्स शोल्डर रिप्लेसमेंट कहा जाता है का एक वृद्ध व्यक्ति का सफल ऑपरेशन किया गया। इस ऑपरेशन ने भीलवाड़ा में एक और इतिहास रच दिया है।
नाथावत हॉस्पिटल के संचालक एवं निदेशक डॉ. कुलदीप सिंह नाथावत वरिष्ठ अस्थि रोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि नागौर जैतारण निवासी छगनलाल (68) के 5 महीने पहले लगी चोट को लेकर वह परेशान थे और इसके उपचार के लिए वह जोधपुर, अहमदाबाद, जयपुर के विभिन्न अस्पतालों में विशेषज्ञ से उपचार कर चुके थे ।
लेकिन उन्हें कोई फायदा नहीं हुआ और किसी से जानकारी मिलने पर उन्होंने भीलवाड़ा में पथिक नगर में स्थित नाथावत हॉस्पिटल में संपर्क किया। डॉ.नाथावत ने बताया कि रोगी के पुराने रिकॉर्ड देखने के बाद उनका एक्स-रे करके बड़ी गहनता से जांच की गई तो पाया कि उनके कंधे में फैक्चर है और वह ऐसा फैक्चर है जिसे रिवर्स प्रत्यारोपण करना जरूरी था इस बारे में रोगी को पूर्ण रूप से समझाया गया और संतुष्ट किया गया। रोगी के संतुष्ट होने के पश्चात गुरुवार 9 अप्रैल को रोगी का ऑपरेशन किया गया।
क्या होता है रिवर्स शोल्डर रिप्लेसमेंट ऑपरेशन और क्यों होता है
डॉ.नाथावत ने इस ऑपरेशन के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस ऑपरेशन को कंधे का संपूर्ण रिवर्स प्रत्यारोपण कहते हैं क्योंकि यह ऑपरेशन सामान्य प्रत्यारोपण से अलग है जिसमें कंधे की जैव यांत्रिकी को विपरीत करके प्रत्यारोपण किया जाता है।
यह ऑपरेशन उन रोगियों का होता है जिन रोगियों का कंधे से हाथ ऊपर उठाना संभव नहीं होता और साथ में नसें और जोड़ पूर्ण रूप से खराब हो जाते हैं वहां कंधे से हाथ को ऊपर उठने के लिए यह ऑपरेशन किया जाता है। जिसको रिवर्स शोल्डर(कंधे ) का रिप्लेसमेंट भी कहा जाता है ।
उन्होंने बताया कि रोगी ऑपरेशन के बाद स्वस्थ है और सकारात्मक स्वास्थ्य का लाभ ले रहा है। यह ऑपरेशन भीलवाड़ा के इतिहास में पहली बार हुआ है।
