दो प्रिंसिपल सस्पेंड,16 सीसीए में चार्जशीट,एक शिक्षिका का भी सस्पेंड

प्रवेशोत्सव को लेकर आकस्मिक निरीक्षण में मिली खामियां
दो प्रिंसिपल सस्पेंड,16 सीसीए में चार्जशीट,एक शिक्षिका का भी सस्पेंड

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा स्वतंत्र पत्रकार। शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार 1 अप्रैल से शुरू किए गए नए शैक्षणिक सत्र के दौरान सरकारी विद्यालय में नामांकन बढ़ाने, जाकर सर्वे करने के दिशा निर्देशों के तहत मॉनिटरिंग हेतु पूरे प्रदेश में विभाग के अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है और इसी कड़ी में शिक्षा निदेशक माध्यमिक निदेशालय बीकानेर द्वारा बीकानेर जिले में किए गए आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दो विद्यालयों में खामियां पाई जाने पर दो प्रिंसिपल को निलंबित करने के साथ ही उनके खिलाफ 16 सीसीए में चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए एवं एक शिक्षिका को भी निलंबित कर दिया है। प्रवेशोत्सव चार चरणों में चलेगा और विभाग के अधिकारी समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण करेंगे।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बामनवाली, राउमावि धीरेरा गांव, राउमावि हंसेरा का निरीक्षण करने पहुंचे। कई जगह प्रवेश कार्यक्रम की कार्य योजना भी प्रस्तुत नहीं की गई। विदित है कि नए शिक्षा सत्र में प्रवेशोत्सव के लिए सर्वे कार्य समस्त स्कूलों में चार चरणों में करवाया जा रहा है। प्रथम चरण 27 मार्च को पूरा हो गया है। जबकि द्वितीय चरण 7 अप्रैल को था।

बामनवाली

राउमावि बामनवाली में कोई भी विद्यार्थी उपस्थित नहीं पाया गया। संस्था प्रधान द्वारा वर्तमान तक केवल पांच नए प्रवेश होने की जानकारी दी गई। आंगनबाड़ी से विद्यालय में प्रवेश योग्य विद्यार्थियों का प्रवेश नहीं करवाया गया। प्राचार्य द्वारा प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की कार्य योजना प्रस्तुत नहीं की गई। प्रवेशोत्सव के कार्यक्रम में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता बरती जा रही थी। शिक्षा निदेशक ने प्राचार्य राउमावि बामनवाली राजन सिंह को निलंबित करते हुए इनके विरूद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 16 के तहत कार्यवाही के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए।

हसेरा

राउमावि हंसेरा के कार्यवाहक प्राचार्य द्वारा प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की कार्य योजना तैयार नहीं की गई। साथ ही नए प्रवेश कराने में भी कोई प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके। आंगनबाड़ी से राजकीय विद्यालय में प्रवेश योग्य 9 बालकों को अभी तक राजकीय विद्यालयों में अस्थायी प्रवेश भी नहीं दिलवाया गया। तथा कुल 16 कार्मिकों में से केवल 9 कार्मिक ही उपस्थित पाए गए। अध्यापिका रजनी बाला अध्यापक ले-2 (अंग्रेजी) एवं विद्यालय सहायक गिरधारी लाल मूंड बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस कारण इनको तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। कार्यवाहक प्राचार्य भंवर लाल के विरूद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 16 में कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।

धीरेरा

राउमावि धीरेरा गांव का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई। शिक्षा निदेशक ने विद्यालय में उपस्थित ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ के साथ चर्चा कर प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की समीक्षा की एवं अभिभावकों तथा ग्रामीणों से बालक-बालिकाओं का राजकीय विद्यालय में प्रवेश कराने की अपील की गई।

विज्ञापन