सुशासन सप्ताह के तहत लोगों को मिल रही राहत, ग्रामीण समस्या समाधान शिविर के आयोजन पर आमजन ने किया आभार व्यक्त

टोंक । भारत सरकार द्वारा आयोजित सुशासन सप्ताह के तहत टोंक जिले में विभिन्न पंचायत समितियों में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित किये गये है। सोमवार को ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन को राहत दी गई। साथ ही इन शिविरों में लोगों को केन्द्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
93 वर्षीय बुजुर्ग महिला की पेंशन हुई शुरु
सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित किये जा रहे ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों में पात्र लोगों को राहत देकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उपखंड मालपुरा के ग्राम पंचायत लांवा में आयोजित शिविर में 93 वर्षीय बुजुर्ग महिला बच्ची देवी पत्नि रामचन्द्र की दो साल से बंद पेंशन पुनः शुरु कराई गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावास अधीक्षक हनुमान प्रसाद मीना ने बच्ची देवी के घर जाकर पेंशन का सत्यापन किया। और दो साल से बंद पेंशन शुरु कराई। बच्ची देवी ने उसकी पेंशन शुरु होने पर सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वह अपनी दवाईयों एवं रोजमर्रा की जरुरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकेगी।
रमेश कीर एवं मोहन लाल बैरवा को मिला घर का मालिकाना हक
ग्राम पंचायत पनवाड़ में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया जिसमें ग्रामवासियो को स्वामित्व योजना के अन्तर्गत पट्टा देकर सम्बल प्रदान किया गया। रमेश कीर निवासी पनवाड़ एवं मोहन लाल बैरवा निवासी कासीर को राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे ग्रामीण समस्या समाधान शिविर की जानकारी मिली। रमेश व मोहन लाल बैरवा ने अपने मकान का पट्टा बनवाना चाहा इसके लिए आवश्यक दस्तावेज पंचायत कार्यालय में जमा करवाये। ग्राम पंचायत द्वारा त्वरित कार्यवाही कर रमेश कीर व मोहन लाल बैरवा को हाथों हाथ पट्टा प्रदान कर मकान का मालिकाना हक प्रदान किया गया। लाभार्थीयो ने सरकार का आभार व्यक्त किया।
संयुक्त खातेदारी भूमि के विभाजन से कैलाश चन्द को मिली खातेदारी कब्जा
उनियारा में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर के आयोजन पर परिवादी कैलाश चन्द ने बताया कि उसकी संयुक्त खातेदारी भूमि में कब्जा संबंधी विवाद चल रहा था। खातेदारी में किसी एक से ज्यादा खातेदार होने की वजह से खातेदारी में परेशनी आ रही थी। परिवादी ने शिविर में अपने दस्तवेजों के साथ आवेदन किया तहसीलदार ने दस्तावेजों की जांच के बाद परिवादी को तुरन्त मौके पर विभाजन कर राहत पंहुचाई। इससे परिवादी व अन्य खातेदारों ने राहत की सांस ली।
रामजी लाल जाट एवं हरिओम बलाई को पशुओं की अकाल मृत्यु की चिंता से मिली राहत
पशु पालकों को उनके पशुओं की अकाल मृत्यु होने पर आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना शुरु की है। जिले में पशुपालकों को इस योजना का लाभ दिया जा रहा है। ग्रामीण समस्या समाधान शिविर के तहत सोमवार को उपखंड मालपुरा की ग्राम पंचायत नगर में रामजी लाल जाट एवं उपखंड टोंक की ग्राम पंचायत सोहेला में हरिओम बलाई के पशुओं का इस योजना में रजिस्टेªशन किया गया। साथ ही निशुल्क स्वास्थ्य प्रमाण पत्र एवं बीमा पॉलिसी जारी की गई। दोनों पशुपालकों को पशुधन निरीक्षक द्वारा वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन के बारे में समझाया गया।
खातेदारों का हिस्सा हुआ दुरुस्त
ग्रामीण समस्या समाधान शिविर के तहत उपखंड निवाई की ग्राम पंचायत सिरस में जमाबंदी में हिस्सा दुरुस्त होने पर परिवादी खेमराज ने खुशी जाहिर करते हुए सरकार का ऐसे केम्प आयोजन करने पर धन्यवाद दिया। खेमराज ने बताया कि उसकी जमाबंदी में खाता संख्या 117 में सभी खातेदारों के हिस्से गलत दर्ज थे। जिसको शुद्ध कराने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया गया। शिविर में मौजूद तहसीलदार एवं अन्य राजस्व कार्मिकों द्वारा दस्तावेजों को जांचकर खातेदारों के हिस्सों को सही किया गया।
