सवाईपुर स्कूल में स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का हुआ शुभारंभ

भीलवाड़ा / अमन ठठेरा । भारतीय जैन संघटना (BJS) के भीलवाड़ा चैप्टर के तत्वावधान में स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप का सोमवार को शुभारंभ जिले के कोटड़ी ब्लॉक के सवाईपुर गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवाईपुर में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर द्वारा माँ सरस्वती के चरणों में वंदन-नमन कर किया गया। इस अवसर पर भीलवाड़ा की ट्रेनर रजनी डोसी एवं मधु बिरानी तथा पुणे हेड ऑफिस के निर्देशानुसार निरीक्षण हेतु उदयपुर से आए राजस्थान स्मार्ट गर्ल हेड धीरेंद्र मेहता के साथ राजस्थान को-हेड मधु लोढ़ा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने सभी निरीक्षणकर्ताओं एवं ट्रेनर्स का भावभीना स्वागत करते हुए इस पहल को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। भीलवाड़ा महिला अध्यक्ष बीजेएस मधु लोढ़ा ने बताया कि वर्कशॉप के प्रथम दिवस पर छात्राओं को तीन महत्वपूर्ण विषयों स्व जागरूकता, कम्युनिकेशन एवं रिलेशन (संवाद एवं रिश्ते) तथा मासिक धर्म स्वच्छता एवं रखरखाव पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया तथा उन्हें जीवन कौशल से संबंधित उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के आगामी चरण में छात्राओं को आत्मरक्षा एवं आत्म सुरक्षा, जीवन में सही निर्णय लेने की क्षमता, निर्णय एवं चयन, तथा मित्रता एवं प्रलोभन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही, छात्राओं के माता-पिता के लिए भी एक विशेष इंटरएक्टिव सेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें अभिभावकों को भी बालिकाओं के समग्र विकास से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी जाएगी। इस अवसर पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यशाला का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है, जिससे वे अपने जीवन में बेहतर निर्णय ले सकें।
कार्यक्रम का समापन आज मंगलवार को सकारात्मक संदेश के साथ किया जाएगा, जिसमें छात्राओं को निरंतर सीखते रहने और अपने व्यक्तित्व का विकास करने के लिए प्रेरित किया गया। उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय परिवार से वाइस प्रिंसिपल शारदा सुखवाल, पदमा, रेखा शर्मा , संजू सोमानी,दीपिका वैष्णव अशोक पोरवाल प्रफुल्ल ,रुद्रांश त्रिवेदी सहित समस्त स्टाफ गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर श्रीमती सुनीता साहू वरिष्ठ अध्यापिका गणित में आभार व्यक्त करते हुए बताया कि मंगलवार को भी वर्कशॉप रहेगी एवं इसमें छात्रों की माताएं भी सम्मिलित होगी।
