कर चोरी,ई-वे बिल के बिना माल परिवहन
जयपुर। राज्य में माल परिवहन के दौरान ई-वे बिल के प्रावधानों का पालन नहीं कर कर चोरी करने वाले ट्रांसपोर्टर के खिलाफ वाणिज्य कर विभाग में पिछले 10 दिनों में 16 अलग-अलग ट्रांसपोर्टर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 29 वाहनों को नियमितताओं के मामले में पकड़ा।
इन वाहनों में या तो आवश्यक ई-वे बिल के बिना माल का परिवहन किया जा रहा था अथवा ई-वे बिल में वास्तविक रूप से परिवहन किए जा रहे माल की तुलना में कम मात्रा या कम मूल्य दर्शाया गया था।
विभाग द्वारा पकड़े गए वाहनों को नियमानुसार जब्त कर उनके संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है। माल एवं संबंधित दस्तावेजों का विस्तृत सत्यापन किया जा रहा है, जिसके आधार पर देय कर, ब्याज एवं दंड की राशि निर्धारित की जाएगी।
इन ट्रांसपोर्टरों के वाहन भी कार्रवाई की जद मे
पिछले तीन दिनों में ही विभाग की प्रवर्तन टीमों ने कई प्रमुख ट्रांसपोर्टरों के वाहनों में ई-वे बिल संबंधी अनियमितताएं पकड़ी हैं। इनमें जड़िया ट्रांसपोर्ट, पूजा रोड कैरियर्स, बालाजी ट्रांसपोर्ट, टीएफसी, ओम शिव ट्रांसपोर्ट, शक्ति, उदयपुर गोल्डन, शेखावाटी ट्रांसपोर्ट कंपनी और यू ट्रांस लॉजिस्टिकसहित अन्य ट्रांसपोर्टर शामिल हैं। कुछ ट्रांसपोर्टरों के एक से अधिक वाहन भी अनियमितता में पकड़े गए हैं।
जांच में यह आया सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ मामलों में कर चोरी की मंशा से आवश्यक ई-वे बिल के बिना माल का परिवहन किया जा रहा था। वहीं कुछ मामलों में ई-वे बिल में वास्तविक माल की तुलना में कम मात्रा अथवा कम मूल्य दर्ज किया गया। विभाग ऐसे मामलों को गंभीरता से ले रहा है, क्योंकि इससे वास्तविक कर देयता को कम दर्शाने की संभावना रहती है।
प्रवर्तन टीमों द्वारा वाहनों में लदे माल, ई-वे बिल और अन्य संबंधित दस्तावेजों का आपसी मिलान एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कर, ब्याज एवं दंड निर्धारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
