टिकट घोषणा से पहले भीलवाड़ा भाजपा में बगावत, महिला कार्यकर्ताओं ने भी आत्मदाह की चेतावनी
भीलवाड़ा। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा में टिकट वितरण से पहले ही विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। टिकटों की घोषणा से पहले ही पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। परिषद की पूर्व सभापति मंजू चेचाणी, महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष रेखा पुरी सहित महिला मोर्चा से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण की प्रक्रिया को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
महिला कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी में वर्षों से सक्रिय महिलाओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि कुछ प्रभावशाली कार्यकर्ताओं की पत्नियों को टिकट देने के लिए प्राथमिकता दी जा रही है। इसको लेकर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
भाजपा कार्यालय के बाहर धरना
विरोध जताने के लिए महिला कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचीं और धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने टिकट वितरण में सक्रियता, निष्ठा और जमीनी कार्य के आधार पर अवसर देने की मांग की। उनका कहना है कि लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को दरकिनार करना उचित नहीं है। पूर्व अध्यक्ष मंजू चेचाणी और महिला मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष रेखा पुरी पार्टी नेताओं पर आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष नेता महिलाओं की अनदेखी कर भाजपा कार्यकर्ताओं की पत्नियों को तवज्जो दे रहे हैं।
क्यों हो रहा है यह विरोध
नगर निकाय चुनाव में भीलवाड़ा नगर निगम में महापौर का पद सामान्य महिला का होने से महिलाओं में टिकट को लेकर जबरदस्त खींचतान चल रही है। पार्टी में अपना वर्चस्व रखने वाली और पार्टी के प्रति समर्पित महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी महापौर बनने की लालसा लिए हुए हैं तो वहीं दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता भी अपनी पत्नियों को मैदान में उतार कर महापौर की कुर्सी तक ले जाने के सपने देख रहे हैं। हालांकि परिणाम क्या होगा यह तो चुनाव मतदान और परिणाम के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी लेकिन उससे पहले ही इस कुर्सी को लेकर महिलाओं में खींचतान शुरू हो गई है।
महिला मोर्चा की पदाधिकारी ने दी आत्मदाह की चेतावनी
पूर्व सभापति मंजू चेचानी,महिला जिलाध्यक्ष मंजू पालीवाल,पूर्व महिला जिलाध्यक्ष रेखा पूरी के साथ शोभिका जागेटिया ने कल सांय 3 बजे तक टिकट वितरण में फेरबदल नहीं किया तो भाजपा कार्यालय में आत्मदाह वह सभी सामूहिक रूप से आत्मदाह करेंगी।
धरने पर पूर्व नगर परिषद सभापति मंजू चेचाणी, महिला मोर्चा की पूर्व जिला अध्यक्ष रेखा पुरी शोभिगा जागेटिया मधुबाल, आशा रामावत, मंजू पालीवाल, इदूबाला, ज्योति आशीर्वाद सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं।
टिकट घोषणा से पहले बढ़ी चुनौती
नगर निकाय चुनाव में टिकटों को लेकर भाजपा के सामने अब पार्टी के भीतर असंतोष को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है। एक ओर पार्टी चुनावी तैयारियों में जुटी है, वहीं दूसरी ओर टिकट के दावेदारों और उनके समर्थकों के बीच विरोध के स्वर सामने आने लगे हैं। महिला मोर्चा के इस खुलकर सामने आने से आने वाले दिनों में भाजपा की स्थानीय राजनीति और टिकट वितरण को लेकर विवाद और गहराने के संकेत मिल रहे हैं। टिकटों की आधिकारिक घोषणा के बाद यह असंतोष किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं
