ट्रेनों में बिक रहा था Yas ब्रांड का अनधिकृत पानी, रेलवे ने कसा शिकंजा
जयपुर। यात्रियों को स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध कराने और ट्रेनों में अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने के लिए जोधपुर मंडल ने सघन जांच अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान एक ही दिन में 240 बोतलें अप्रमाणित ब्रांड के पानी की जब्त की गईं, जबकि 5 अनधिकृत वेंडरों को पकड़कर जुर्माना वसूला गया।
सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि 25 अगस्त मंगलवार को विशेष टिकट जांच (टीएसवी) के दौरान पाली मारवाड़ स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12479 की जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को बेचने के लिए रखी गई अप्रमाणित ब्रांड ‘YES’ की 192 पानी की बोतलें बरामद कर जब्त की गईं। इसके बाद ट्रेन संख्या 19404 की पाली मारवाड़ स्टेशन पर जांच के दौरान अप्रमाणित ब्रांड ‘Welcome’ की 48 पानी की बोतलें भी जब्त की गईं।
इसी अभियान के तहत ट्रेन संख्या 20485 में जांच के दौरान बिना अधिकृत अनुमति के खाद्य-पेय पदार्थ बेच रहे 5 अनधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। इनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 4,625 रूपय का जुर्माना वसूल किया गया।
यात्रियों से अपील
डीआरएम त्रिपाठी के अनुसार, यात्रियों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों और स्टेशनों पर अनधिकृत वेंडिंग तथा अप्रमाणित खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही पैकेज्ड पानी एवं खाद्य सामग्री खरीदें और अनधिकृत बिक्री की सूचना रेलवे को दें। उन्होंने कहा – यात्री सुविधा और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं, अनधिकृत वेंडिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
