राहुल गांधी बड़े हो रहे हैं लेकिन राजनीतिक परिपक्वता घट रही है- डॉ. पूनिया

प्रदेश के निकाय चुनाव में और पंजाब में भाजपा परचम लहराएगीराज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ पूनिया एक दिवसीय भीलवाडा प्रवास पर रहे
राहुल गांधी बड़े हो रहे हैं लेकिन राजनीतिक परिपक्वता घट रही है- डॉ. पूनिया

भीलवाड़ा / डॉ. चेतन ठठेरा । राज्यसभा सांसद और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब मैं भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा कि राहुल गांधी की आयु तो बढ़ रही है लेकिन उनकी राजनीतिक परिपक्वता बढ़ने के बजाय घट रही है। राहुल गांधी को अभी और राजनीतिक प्रशिक्षण लेने की जरूरत है। प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में भाजपा परचम लहराएगी तथा पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।

डॉ सतीश पूनिया सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर भीलवाड़ा पहुंचे थे जहां उनका भाजपा कार्यालय में भाजपा नेताओं ने भव्य स्वागत किया।

भीलवाड़ा में भाजपा जिला कार्यालय में उन्होंने निकाय चुनाव को लेकर भाजपा नेताओं पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। कार्यक्रम के पश्चात् राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. पूनिया ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए निकाय चुनाव के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव में भाजपा परचम लहराएगी क्योंकि शहर में भारतीय जनता पार्टी का बड़ा वैचारिक आधार और वोट होने के साथ ही कार्यकर्ताओं की समर्पित सेना है और भाजपा के प्रति लोगों का भरोसा है। उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ने का प्रयास किया है जिसका संदेश शहर के मतदाताओं में है। आज देश में रेलवे लाइने, हाईवे फ्लाईओवर के साथ कई नवाचार हो रहे हैं तथा महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है यही कारण है कि आम जनता का भाजपा के प्रति भरोसा है और निकाय चुनाव में भी यह भरोसा बरकरार रहेगा।

 

राहुल गांधी पर तंज

 

महामंत्री पूनिया ने राहुल गांधी पर तंज करते हुए कहा की राहुल गांधी को विपक्ष के नेता का धर्म याद रखते हुए उसे ठीक तरह से निभाना चाहिए। गांधी विदेश में जाकर भारत के लोकतंत्र,संविधान, तिरंगे और वंदे मातरम का अपमान करते हैं यह कितना उचित है देश की जनता इसका निर्णय स्वयं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को मुद्दों के आधार पर प्रतिपक्ष की राजनीति को मजबूत करना चाहिए और सरकार के साथ सकारात्मक सुझाव अच्छी समस्या के समाधान की दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए लेकिन वह ऐसा नहीं कर रहे हैं जो उनकी राजनीतिक परिपक्वता को दर्शाता है। उन्होने व्यंग्य करते हुए कहा कि राहुल गांधी की उम्र तो बढ़ रही है लेकिन उम्र के साथ उनकी परिपक्वता बढ़ने के बजाय घट रही है।

विज्ञापन