भीलवाड़ा प्रदेश में प्रथम, राज्य स्तरीय सम्मान से होगा सम्मानित, डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान

जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं सीएमएचओ व पीएमओ के नेतृत्व में जिले की टीम ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
भीलवाड़ा प्रदेश में प्रथम, राज्य स्तरीय सम्मान से होगा सम्मानित, डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान

भीलवाड़ा / अमन ठठेरा । जिले ने डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा (Digital Organ Donation Pledge) अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO), जयपुर द्वारा जिला प्रशासन भीलवाड़ा को राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।

एसओटीटीओ, जयपुर द्वारा जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू को प्रेषित पत्र में इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए बताया गया है कि डिजिटल अंगदान प्रतिज्ञा अभियान में भीलवाड़ा के प्रथम स्थान पर रहने के लिए जिला प्रशासन को 5 अगस्त 2026 को दोपहर 12:30 बजे एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर के न्यू एकेडमिक ब्लॉक स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय भारतीय अंगदान दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

जिला कलेक्टर ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, एमजी हॉस्पिटल के पीएमओ ,चिकित्सा विभाग की पूरी टीम, सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों एवं जिले की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है और इससे कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन मिल सकता है। भविष्य में भी जिले में अंगदान के प्रति जनजागरूकता के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

सीएमएचओ संजीव शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर के नेतृत्व में जिले में अंगदान के प्रति व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

विज्ञापन