अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मी राजस्थान में रिश्वत लेते गिरफ्तार

अयोध्या साइबर थाने में दर्ज मामले में नाम हटाने के बदले रिश्वत राशि लेने आए थे राजस्थान
अयोध्या साइबर क्राइम थाने के चार पुलिसकर्मी राजस्थान में रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर /डॉ. चेतन ठठेरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो सीकर इकाई ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के साइबर थाना क्राइम जनपद के कर पुलिस कर्मियों को दो लाख 80 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

 

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि

ए.सी.बी. को परिवादी द्वारा शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि उसके भाई के विरुद्ध पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 में उसके भाई का नाम हटाने की एवज में पुलिस थाना साइबर क्राइम, जनपद अयोध्या के यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल नं. 152253646, सोहनलाल, कांस्टेबल नं. 162170782 एवं गौरव चारग, कांस्टेबल नं. 192250681 को परिवादी रिश्वत राशि की मांग की जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि इस शिकायत का रिश्वत राशि मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी गौरव चारग, कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 4,00,000/- रुपये रिश्वत राशि की मांग की गई तथा बातचीत के दौरान 2,80,000/- रुपये में रिश्वत राशि लेना तय हुआ। मांग की पुष्टि के उपरांत आज

ए.सी.बी. सीकर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व एवं पुलिस निरीक्षक सुभाष मील मय टीम द्वारा ट्रैप कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान आरोपीगण यशवन्त सिंह, उप निरीक्षक, पवन त्रिपाठी कांस्टेबल, सोहनलाल कांस्टेबल एवं गौरव चारग कांस्टेबल की मौजूदगी में आरोपी सोहनलाल कांस्टेबल द्वारा परिवादी से 2,80,000/- रुपये रिश्वत राशि प्राप्त की गई। इस पर ए.सी.बी. टीम द्वारा चारों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। ए.सी.बी. की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस परिमला के सुपरवीजन में आरोपीगण से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। ए.सी.बी. द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

विज्ञापन