राजस्थान हाईकोर्ट की शानदार पहल

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा। देश में ईंधन संरक्षण और सादगी अभियान के बीच जोधपुर राजस्थान हाईकोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है।
हाईकोर्ट प्रशासन की ओर से जारी नोटिस के अनुसार 22 मई, 26 मई और 27 मई 2026 को राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्य पीठ और जयपुर बेंच में सभी अदालतों की कार्यवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित कोर्ट रूम से संचालित की जाएगी।यह निर्णय भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग तथा सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया द्वारा जारी ईंधन बचत और सादगी संबंधी निर्देशों के बाद लिया गया है।
हाईकोर्ट प्रशासन ने अधिवक्ताओं और पक्षकारों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, वर्चुअल सुनवाई को प्राथमिकता दें और वाहन पूलिंग अपनाकर ईंधन संरक्षण में सहयोग करें। हालांकि नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अदालतों में फिजिकल हियरिंग पर कोई रोक नहीं रहेगी।
देशभर में पेट्रोल और डीजल की खपत को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है। कई राज्यों में ईंधन बचत को लेकर सरकारी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देशवासियों से ईंधन की बचत, अनावश्यक यात्रा कम करने और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की अपील कर चुके हैं।
माना जा रहा है कि राजस्थान हाईकोर्ट का यह कदम न्यायिक व्यवस्था में डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईंधन संरक्षण अभियान को भी मजबूती देगा।
