भारत ने 23 लोगों को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी किया घोषित 

35 के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके (PoK) में रह रहे 23 लोगों को व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित
भारत ने 23 लोगों को व्यक्तिगत रूप से आतंकवादी किया घोषित 

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा। केन्द्र सरकार ने गैर-कानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 35 के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके (PoK) में रह रहे 23 लोगों को व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित कर दिया है। इन नए नाम के जुड़ने के बाद गैर कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम उपा‌(UAPA) की चौथी अनुसूची के तहत घोषित व्यक्तिगत आतंकवादियों की संख्या बढ़कर अब 80 हो गई है।

गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा जारी अधिसूचनाओं के अनुसार, ये सभी भारत के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों, भर्ती, घुसपैठ, टेरर फंडिंग, हथियारों की तस्करी और आतंकी नेटवर्क को लॉजिस्टिक सहायता देने में शामिल रहे हैं। घोषित किए गए 23 लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद (JeM), लश्कर-ए-तैयबा (LeT), द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और जमात-उद-दावा (JuD) से जुड़े हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार, इनमें से 10 लोग JeM और 13 LeT से सम्बद्ध हैं, जबकि कुछ के TRF और JuD से भी सम्बंध हैं।

 

यह है‌ जम्मू-कश्मीर के, बाकी पाकिस्तानी नागरिक

अधिसूचना के मुताबिक, घोषित किए गए 23 लोगों में 11 मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं, जबकि शेष पाकिस्तानी नागरिक हैं। इनमें से 7 जम्मू-कश्मीर निवासी है लेकिन वर्तमान में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पीओके (PoK) में रह रहे हैं, जबकि 4 पाकिस्तान में रह रहे हैं।

पीओके में रहने वाले यह

PoK में रह रहे 7 लोगों की पहचान मसूद इलियास कश्मीरी (रावलकोट), मुफ़्ती मुहम्मद असग़र खान (अब्बासपुर), हाफ़िज़ अब्दुल शकूर (कोटली), अब्दुल्ला जिहादी (कुंडलशाही, नीलम), गुलाम फ़रीद (बडिंग, बिंबर), बिलाल अहमद मीर (सोपोर, वर्तमान में मुज़फ़्फ़राबाद) और आबिद कय्यूम लोन (बारामूला, वर्तमान में PoK) के रूप में की गई है।

पाकिस्तान में रह रहे यभ भारतीय मूल के है आरोपी

पाकिस्तान में रह रहे 4 लोगों में अनंतनाग के हारून रशीद गनई, डोडा के नज़ीर अहमद गुज्जर, पुलवामा के ओवैस फ़रोज़ मीर और मोहम्मद शहीद फैसल शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार, फैसल मूल रूप से बेंगलुरु का और उसका भारतीय पता दर्ज है, लेकिन वर्तमान में वह रावलपिंडी में रह रहा है।

भर्ती, घुसपैठ और हथियारों की तस्करी के आरोप

गृह मंत्रालय के अनुसार, नामित किए गए सभी लोग आतंकवादियों की भर्ती और प्रशिक्षण, जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने, आतंकी हमलों की योजना बनाने, ड्रोन और सीमा-पार नेटवर्क के जरिए हथियार एवं गोला-बारूद पहुंचाने, टेरर फंडिंग, लॉजिस्टिक्स संभालने और आतंकी शिविरों के संचालन में शामिल रहे हैं।

नामित आतंकवादी जो पाकिस्तान में है

सरकार ने जैश-ए-मोहम्मद के कई सदस्यों का सम्बंध वर्ष 2016 में नगरोटा आर्मी केम्प पर हुए आतंकी हमले और वर्ष 2022 में सुरक्षा बलों पर हुए सुंजवान हमले से भी जोड़ा है। UAPA के तहत नामित पाकिस्तान में मौजूद आतंकियों में अब्दुल रऊफ़, हाफ़िज़ खालिद वलीद, मौलाना सैफुल्ला खालिद, मोहम्मद याकूब, मौलाना यूसुफ़ तैबी, कारी याकूब शेख, राणा इफ़्तिखार, वसीम नूर जट, अशफ़ाक अहमद, मौलाना इमदाद उल्लाह मक्की और मोहम्मद मुसादिक शामिल हैं।

मोहम्मद शहीद फैसल पर गम्भीर आरोप

एक अलग अधिसूचना में गृह मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद शहीद फैसल के सम्बंध लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, अल-कायदा और ISIS मॉड्यूल से हैं। मंत्रालय के अनुसार, वह सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं की भर्ती, पाकिस्तान में हथियारों की ट्रेनिंग का इंतज़ाम, आतंक के लिए धन जुटाने, सदस्यों को एन्क्रिप्टेड कम्युनिकेशन और फर्जी पहचान का प्रशिक्षण देने तथा हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराने में शामिल रहा है।

विज्ञापन