हथियारों और मादक पदार्थ की बड़ी खेप पकड़ी,दो गिरफ्तार

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा । राजस्थान में बॉर्डर एरिया सेक्टर से बॉर्डर पार से आने वाले अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा कड़ी निगरानी रखने के साथ ही विशेष फोक्स है और इसी कड़ी में श्रीगंगानगर जिले की समेजा कोठी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी करके ले जा रहे हथियार और मादक पदार्थों की बड़ी खेप बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
श्री गंगानगर जिले की पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने यह जानकारी देते हुए बताया कि समेजा कोठी थाना पुलिस को एक गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि कीया सोनाटा कार में सवार दो युवक बॉर्डर पार से हथियारों और मादक पदार्थों की बड़ी खेप तस्करी करके ला रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस के अलग-अलग टीमें गठित कर तस्करों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर जाल बिछाया गया। नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध कार सलेमपुर से बाजूवाला की ओर जाते हुए पीछा कर रहे सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार की निजी बोलोरो गाड़ी को टक्कर मार कर वापस समेजा कोठी की ओर तस्कर कार लेकर भागे इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और समेजा कोठी कस्बे के बाहर फिल्मी अंदाज में ट्रैक्टर ट्राली और अन्य वाहन लगा कर नाकेबंदी कर दी।
पुलिस से बचाव में तेज स्पीड से आ रही तस्करों की कार ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई और रुक गई। पुलिस टीम ने फुर्ती दिखाते हुए कार को घेरकर उसमें सवार दो युवकों को पकड़ा और कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में 5 पिस्तौल 72 कारतूस 1 किलो 494 ग्राम हीरोइन और 990 ग्राम अफीम मिली जिसे पुलिस में ज़ब्त कर कार में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए युवकों ने पुलिस को अपना नाम कुलविंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी महात्मा नगर फाजिल्का पंजाब और रॉबिन सिंह पुत्र बलकार सिंह निवासी महात्मा नगर फाजिल्का पंजाब बताया। पुलिस में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है
