भीलवाड़ा के कांखला में रिको बनाएगा मेगा जिंक पार्क

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट-2024 के अंतर्गत हस्ताक्षरित एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। समिट के दौरान वेदांता समूह ने राज्य में जिंक एवं तेल उत्पादन क्षेत्र में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी। वेदांता समूह ने आगामी दो से तीन वर्षों में राजस्थान में अपनी विभिन्न कंपनियों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए निवेश करने एवं रोजगार के लगभग एक लाख अतिरिक्त अवसर सृजित करने की बात कही थी।
समिट के पश्चात राज्य सरकार, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड एवं रीको के बीच कई दौर की बैठकों के बाद, हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड द्वारा रीको को भीलवाड़ा जिले के कांखला क्षेत्र में लगभग 111 एकड़ भूमि पर जिंक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया। प्रस्ताव के अनुसार, रीको द्वारा पार्क की मास्टर प्लानिंग के साथ-साथ सड़क, जल एवं विद्युत आदि आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी जायेंगी। हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड, पार्क में 5 से 7 एकड़ क्षेत्र में अपना प्लांट एवं कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित करेगी। इस प्रस्तावित पार्क में वेदांता ग्रुप जिंक उद्योग से जुड़ी विभिन्न कंपनियों को लाने की दिशा में कार्य कर रहा है। प्रारंभिक चरण में जिंक वेल्यू चेन से जुड़ी 5 से 6 कंपनियों ने निवेश करने में रुचि दिखाई है।
वर्तमान में कांखला जिंक पार्क 111 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है। इसमें से हिंदुस्तान जिंक द्वारा प्रारंभिक चरण में लगभग 66 एकड़ भूमि पर निवेश के प्रस्ताव रीको को दिये गये है, जिनकी मांग का आंकलन कर रीको द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर से 80,000 वर्गमीटर तक के विभिन्न आकार के भूखण्ड नियोजित किये गये हैं ताकि एमएसएमई और वृहद उद्योगों को जिंक पार्क में औद्योगिक इकाई लगाने का अवसर मिल सके।
कांखला में प्रस्तावित यह जिंक पार्क उत्तरी भारत में अपनी तरह का पहला जिंक पार्क होगा जिसमें सिर्फ जिंक वेल्यू चेन से जुड़ी हुई कंपनियां अपना प्लांट लगायेंगी। इससे राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए व्यापक रोजगार अवसर सृजित होंगे।
