पत्नी ने खोला जिम ट्रेनर पति की काली करतूतों का चिट्ठा

जयपुर / डॉ. चेतन ठठेरा। स्वस्थ स्वास्थ्य और शरीर को फिट रखने के लिए गली-गली में संचालित जिम में जिम ट्रेनरों द्वारा जिम में आने वाली लड़कियों को बहला फुसलाना उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाने और ब्लैकमेल करने की घटनाएं और खबरें अक्सर पढ़ने सुनने को मिल जाती है।
इसी कड़ी में राजस्थान ही नहीं देशभर में मार्बल नगरी के नाम से प्रसिद्ध अजमेर जिले के किशनगढ़ मुख्यालय पर संचालित एक जिम के ट्रेनर की काली करतूतों का राज उसकी पत्नी ने हीं खोल दिया है और अपने जिम ट्रेनर पति पर जिम में आने वाली लड़कियों और महिलाओं के हिडन कैमरे से आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाते हुए किशनगढ़ के मदनगंज थाने में मामला दर्ज कराया है पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिम ट्रेनर की पत्नी ने दी रिपोर्ट में
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति जिम के अंदर गुप्त कैमरे लगाए गए थे, जिनके जरिए कई महिलाओं के निजी पल रिकॉर्ड किए गए और बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया गया।
मामला उस समय सामने आया जब जिम ट्रेनर एक अन्य मामले में जेल गया और मोबाइल पत्नी के पास आया तब पत्नी ने मोबाइल की जांच की तो जांच में मोबाइल में कई आपत्तिजनक वीडियो और फोटो मिलने का दावा किया जा रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि सामने आए वीडियो में उसका खुद का भी वीडियो भी शामिल है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।
पीड़ित पत्नी ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसका पति जेल से बाहर आया तब उसने अपने पति को यह बात बताते हुए इस पूरे मामले में विरोध किया। तब उसके पति ने उस पर दबाव बनाया और इस मामले में उसका साथ देने की बात कही लेकिन जब उसने साथ नहीं देने की बात कही तो उसे धमकी दी गई कि उसके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे।
इतना ही नहीं, पीड़िता ने अपने पति के परिजनों पर भी इस ब्लैकमेलिंग रैकेट में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति के परिवार के कुछ सदस्य भी इस पूरे मामले में मिलीभगत कर सकते हैं और उन्होंने जानबूझकर कई बातों को छिपाने की कोशिश की है।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर मदनगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई । पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे प्रकरण की हर एंगल से जांच की जा रही है और डिजिटल सबूतों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कितनी महिलाओं को इस कथित ब्लैकमेलिंग रैकेट का शिकार बनाया गया है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला गंभीर होने पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है और जिम पहुंचकर जिम में लगे हिडन कैमरा और सीसीटीवी सिस्टम की बारीकी से जांच पड़ताल करते हुए सभी डिजिटल रिकॉर्ड और उपकरणों को जप्त कर जांच कार्यवाही शुरू कर दी है। ताकि पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
